कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी, 19 जून 2026। चितईपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने, शादी से इनकार करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर थाना चितईपुर में मुकदमा अपराध संख्या 144/2026, धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को मड़ौली, पोस्ट भुल्लनपुर, थाना मंडुवाडीह क्षेत्र से आरोपी दीप दर्शन उर्फ राहुल राज (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







