विजय कुमार की रिपोर्टवाराणसी। बरसात के मौसम में संक्रामक और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर नगर निगम ने सुसुवाही वार्ड नंबर-39 में विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। वार्ड के पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी लगातार कराया जा रहा है।शुक्रवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने सुसुवाही, हैदराबाद गेट, अखरी चौराहा, अखरी बाईपास, जंगमपुर, महामनापुरी, देव नगर कॉलोनी तथा अन्य क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। हैदराबाद गेट पर हॉपर मशीन के माध्यम से कूड़ा उठान किया गया, जबकि कई स्थानों पर खाली पड़े प्लॉटों में जमा कूड़ा-कचरा और झाड़ियों की सफाई कराई गई।
खाली प्लॉटों और मुख्य मार्गों पर विशेष अभियान अभियान के तहत वृंदावन अपार्टमेंट के समीप स्थित खाली प्लॉट, हरिवंश क्लीनिक के सामने का खाली भूखंड तथा देव नगर कॉलोनी के खाली प्लॉटों में सफाई कार्य कराया गया। इसके अलावा सुसुवाही-जंगमपुर, हैदराबाद गेट और महामनापुरी के मुख्य मार्गों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कर मच्छरों के प्रजनन को रोकने का प्रयास किया गया।
बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान भी जारी
पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए नगर निगम के सहयोग से प्रतिदिन सुबह से शाम तक सफाई अभियान और एंटी लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेते हुए वार्ड में लगातार विकास और स्वच्छता संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाना है।लोगों से की सहयोग की अपील पार्षद ने क्षेत्रवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और आसपास गंदगी न फैलाएं, खाली स्थानों पर कूड़ा न डालें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि रुके हुए पानी में मच्छर तेजी से पनपते हैं। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम के स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आग्रह किया।उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बना रहे और नागरिकों को डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। नगर निगम की टीम नियमित रूप से विभिन्न मोहल्लों में सफाई, कूड़ा उठान और एंटी लार्वा छिड़काव का कार्य कर रही है।