वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वाराणसी मंडल डॉक्टर नरेंद्र देव शर्मा द्वारा मंडल के समस्त जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संबंधित अधिकारियों के साथ बुधवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक किया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियां समयबद्ध रूप से सूनिश्चित किए जाएं। अपर निदेशक ने बताया कि यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में माह जनवरी 2026 में वाराणसी मंडल ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो सभी जनपदों की समन्वित प्रयासों का परिणाम है। जनपद द्वारा रैंकिंग में वाराणसी द्वितीय, चंदौली 11वें, जौनपुर 22 वें एवं गाजीपुर 26 वें स्थान पर रहा। सभी जनपदों द्वारा विगत माह की तुलना में सुधार प्रदर्शित करने पर सराहना की गई तथा निर्देशित किया गया कि सभी जनपद अपनी रैंकिंग 20 के भीतर सुनिश्चित करें। उन्होंने निक्षय योजना के अंतर्गत सभी लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से शत-प्रतिशत शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जीरो पॉवर्टी लक्ष्य की समीक्षा में पाया गया की गाजीपुर (98.80% परसेंट जौनपुर (99.50%) चंदौली (98.90%) एवं वाराणसी (99.70%) में परिवारों का उच्च आच्छादन हो चुका है, किन्तु अभी भी हजारों लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड बनना बाकी है। विशेष रूप से आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के परिवारों की लम्बित गोल्डेन कार्ड को एक सप्ताह के विशेष अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी इकाइयों का कायाकल्प एवं एनक्यूएएस प्रमाणन सुनिश्चित करने हेतु जनपद स्तर पर कैलेंडर बनाकर कार्यवाही करने को कहा गया। 70% से कम स्कोर वाले संस्थानों की विशेष समीक्षा कर सुधारात्मक कार्यवाही सूनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनुशासन के तहत बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले सीएचओ के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने की निर्देश दिए गए। अपर निदेशक डॉक्टर नरेंद्र देव शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।