रिपोर्ट /गुफरान अहमद मीरजापुर: जनपद में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से मीरजापुर पुलिस द्वारा चलाए गए 12 घंटे के विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा और अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ चलाए गए अभियान के दौरान कुल 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 14 वारंटी, 9 वांछित तथा 7 अन्य अभियुक्त शामिल हैं। यह कार्रवाई अपराधियों, वारंटियों, इनामी और प्रिवेंटिव श्रेणी के आरोपियों की धरपकड़ के लिए की गई। अभियान के दौरान कोतवाली कटरा, चुनार, अहरौरा, जमालपुर, जिगना, लालगंज, मड़िहान, राजगढ़, कोतवाली शहर, कोतवाली देहात और ड्रमण्डगंज समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर गिरफ्तारी की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। मीरजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति जारी रहेगी और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।