दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
तेरही कार्यक्रम में अपने पुराने घर गए थे परिजन, चोरों ने मेन गेट का ताला काटा
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़वा काजिसराय मार्ग स्थित अश्वनी पटेल के बंद मकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लगभग 12 लाख रुपये के गहने व नगदी चोरी कर ली। चोर मेन दरवाजे का ताला काटकर घर के अंदर घुसे और जमकर लूटपाट की। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि अश्वनी पटेल के पिता का निधन 24 मई 2026 को हो गया था, जिसके चलते परिवार के लोग काजिसराय स्थित दूसरे मकान पर तेरही कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए थे। बंद पड़े मकान का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए मकान से करीब 500 मीटर दूर परिवार के लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
चोरों ने घर के कुल तीन कमरों को निशाना बनाया और अलमारी व बक्सों,बंदबेड का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व तेरही हेतु रखे गए नगदी 1 लाख 50 हजार रुपये चोरी किया गया है। सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
बताते चलें कि एक माह के भीतर क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे पहले 14 मई 2026 को गड़वा गांव में कालीचरण प्रजापति के मकान में शौचालय से चढ़कर बंद मकान से करीब 3 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जबकि उसी दिन बालीपुर गांव निवासी राधेश्याम यादव के बंद मकान को भी चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों का सामान पार कर दिया था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है।