Follow us on

राहुल गांधी के समर्थन और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में

Share this post:

वाराणसी वशिष्ठ कुमार की रिपोर्ट, 22 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को महानगर युवा कांग्रेस ने शहर में जोरदार प्रतिरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारी लोकतंत्र, संविधान, छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा सहित कई युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भी कार्यकर्ता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के समर्थन में नारे लगाते रहे।

गिरफ्तारी के बाद महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध से घबराकर पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस उनके घर और प्रतिष्ठान पर पहले से निगरानी कर रही थी, लेकिन इससे आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी और गिरफ्तारियों से पीछे हटने वाली नहीं है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि चंचल शर्मा, प्रदेश महासचिव अनुपम राय सहित सभी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव अनुपम राय, प्रदेश सचिव सिद्धार्थ केशरी, मित्तल साहनी, मदन कन्नौजिया, अनुराग मिश्रा, आदित्य मिश्रा, आशु शर्मा, रोहित यादव, बच्चा गौड़ सहित अनेक युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x