वाराणसी, वशिष्ठ कुमार की रिपोर्ट 28 जुलाई 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की श्रृंखला के अंतर्गत मंगलवार को वाराणसी स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली, सीर गोवर्धन में माटी पूजन, कलश पूजन एवं भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माटी पूजन एवं कलश पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने संत गुरु रविदास जी के संदेशों का स्मरण करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समाज को समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का मार्ग दिखाता है। उनका संदेश आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। उनके 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, संत समाज के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।