वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी — शहरी सामुदायिक केंद्र शिवपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तकनीकी सहयोगी संस्थान द्वारा कराए गए एनक्यूएएस रिवैलिडेशन असेसमेंट में सीएचसी शिवपुर को 83.87 प्रतिशत का समग्र स्कोर प्राप्त हुआ है तथा केन्द्र को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के मामले में गुणवत्ता प्रमाणन घोषित किया गया है। सीएचसी शिवपुर में आयोजित रिवैल्युएशन मूल्यांकन में इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम इन पेशेंट विभाग, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन, ओटी, प्रयोगशाला, रेडियोलॉजी एवं फार्मेसी सहित कुल 10 विभागों का मूल्यांकन किया गया। सभी निर्धारित प्रमाणन मानदंडों को केंद्र द्वारा पूरा किया गया। मूल्यांकन में स्वास्थ्य केंद्र का समग्र स्कोर 83.87 प्रतिशत रहा। प्रत्येक विभाग के लिए निर्धारित न्यूनतम मानको को भी पूरा किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न गुणवत्ता मानकों एवं रोगी संतुष्टि के स्तर पर भी केंद्र ने निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन किया। रोगी संतुष्टि स्कोर 85% दर्ज किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर सीएससी शिवपुर के चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, बेहतर प्रबंधन एवं मरीज केंद्रित सेवाओं के प्रति स्वास्थ्य की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।डा.एनपी सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि जनपद के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादाई है। उन्होंने सभी अधिकारियों कर्मचारियों से अपील की है कि गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करने के साथ-साथ निर्धारित मानकों को निरंतर बनाए रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण,सुलभ एवं मरीज केन्द्रित स्वास्थ सेवाएं उपलब्ध कराना है।एनक्यूएएस के तहत चिन्हित सुधार के क्षेत्रों पर कार्य करते हुए गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने की अपेक्षा व्यक्त की।