दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी। मणिकर्णिका घाट के महंत संतोष दास ‘सतुआ बाबा’ और वाराणसी से जुड़े विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल को भी सुरक्षा के मद्देनजर बुलेटप्रूफ जैकेट आवंटित की गई है। उत्तर प्रदेश के 30 प्रमुख लोगों की सूची में दोनों के नाम शामिल हैं और प्रत्येक के लिए एक-एक बुलेटप्रूफ जैकेट आवंटित की गई है।
सूची में सतुआ बाबा का विवरण “महंत मणिकर्णिका घाट, वाराणसी” और विशाल सिंह चंचल का विवरण “मा. सदस्य विधान परिषद, गाजीपुर” दर्ज है। विशाल सिंह चंचल का वाराणसी से भी जुड़ाव होने के कारण सुरक्षा संबंधी इस सूची में उनका नाम विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा सूची में पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, राज्यसभा सांसद बृजलाल, सांसद रवि किशन और पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
विधायकों में आकाश सक्सेना, ठाकुर जयवीर सिंह, पंकज सिंह, अदिति सिंह, डॉ. राजेश्वर सिंह, पूजा पाल और फतेह बहादुर सिंह के नाम हैं। वहीं संत समाज से स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज का नाम भी सूची में शामिल है।बुलेटप्रूफ जैकेट आवंटन की यह सूची सामने आने के बाद इन प्रमुख लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, जैकेट आवंटित किए जाने के पीछे सुरक्षा संबंधी विशिष्ट कारण सूची में स्पष्ट नहीं किए गए हैं।