वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी –मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-08 लखनऊ के निर्देशानुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नितिन सिंह (आईएएस) ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर नितिन सिंह द्वारा शनिवार को एमपी हाल में उदय प्रताप इंटर कॉलेज के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में कैसे सफलता हासिल करें,इस सम्बन्ध में मार्गदर्शन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में ज्वाएण्ट मजिस्ट्रेट नितिन सिंह (आईएस) व विशिष्ट अतिथि के रूप में सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश सिंह सिसौदिया उपस्थित रहे।उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉक्टर रमेश प्रताप सिंह व अम्बिका सिंह ने दोनो अतिथियों का माल्यार्पण व बुके देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित किए गए छात्र संवाद के दौरान अनेक छात्रों जैसे राजन गुप्ता ने वैज्ञानिक बनने में कौन-कौन संस्थाओं की मदद से सफलता प्राप्त की जाए, कक्षा 12 के छात्र प्रशांत सिंह ने किताबी ज्ञान और व्यवहारिक ज्ञान में किस विधि का उपयोग किया जाए, कक्षा 12 बी-3 के छात्र मयंक श्रीवास्तव ने सिविल सर्विस की तैयारी का उपयुक्त समय क्या है, कक्षा 12 बी-2 के छात्र अनुभव कुमार सिंह ने नीट व जेईई परीक्षा की तैयारी कक्षा 11, 12 की पढ़ाई के साथ किया जाए या ड्रॉप करके तैयारी किया जाए। इस तरह के अनेक प्रश्नों का उत्तर बड़े ही धैर्य पूर्वक व सहज भाव से नितिन सिंह (आईएएस) ने दिया। श्री सिंह ने छात्रों को सुझाव दिया कि इंटरमीडिएट स्तर की पढ़ाई पूर्ण करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी किया जाए तो बेहतर परिणाम आ सकते हैं। इसके लिए रुचिकर पाठ्यक्रम का चयन अत्यंत आवश्यक है। इन सब के साथ अपने पाठ्यक्रम के प्रति अनुशासन और समर्पण मूल मंत्र है। तभी सफलता प्राप्त हो सकती है। श्री सिंह ने बताया की सिविल सेवाओं के अलावा वर्तमान समय की आवश्यकताओं के दृष्टिगत व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करना भी आवश्यक है। उनके साथ-साथ कई अन्य पाठ्यक्रम हैं, जिनमें प्रयास करने की आवश्यकता है। जैसे- सिविल सेवा के अलावा मेडिकल, इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी, इवेंट मैनेजमेंट, पाठ्येत्तर क्रियाकलाप, विभिन्न खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर अपने व्यक्तित्व का विकास तथा उसमें अपना सुनहरा कैरियर बना सकते हैं।इस छात्र संवाद के अवसर पर विद्यालय के हजारों छात्रगण उपस्थित रहे। इसके साथ ही सभी शिक्षक गण अरविंद कुमार सिंह उप प्रधानाचार्य, नीरज कुमार सिंह मुख्य नियन्ता, डा. शरद कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, उमेश सिंह, अमित कुमार सिंह, राणा प्रताप सिंह, अंबिका सिंह समेत कई अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापित राणा प्रताप सिंह ने किया।