कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी
बरेका मजदूर संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन में 16 सूत्रीय प्रस्ताव पारित, नई कार्यकारिणी गठित
वाराणसी, 30 अगस्त। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रमुख श्रमिक संगठन डीएलडब्ल्यू मजदूर संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को 16 सूत्रीय प्रस्ताव पारित करने और नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के उपाध्यक्ष एवं रेलवे प्रभारी अशोक कुमार शुक्ला ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए श्रमिक कल्याण के लिए किए गए प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और अपने-पराये की भावना से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
अधिवेशन में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व विधायक रोहनिया सुरेंद्र नारायण सिंह, भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विश्वेश्वर राय तथा भारतीय रेलवे मजदूर संघ के संगठन मंत्री राधा बल्लभ त्रिपाठी मौजूद रहे। महामंत्री कृष्ण मोहन तिवारी ने संगठन के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
पारित प्रस्तावों में बरेका में वंदे भारत के कोच निर्माण, कर्मचारियों को 70 प्रतिशत प्रोत्साहन भत्ता, पीएलबी बोनस की सीलिंग बढ़ाने, रिक्त पदों को भरने, कैडर रीस्ट्रक्चरिंग, पदोन्नति, चिकित्सालय में स्वीकृत पद बढ़ाने तथा कर्मचारियों को विभिन्न सुविधाएं देने की मांग प्रमुख रही। साथ ही बरेका में 50 कमरों के हॉलिडे होम की मांग भी उठाई गई।
अधिवेशन में संगठन का नाम बदलकर बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ करने की घोषणा की गई। नई कार्यकारिणी में मुकेश सिंह को अध्यक्ष और राकेश पांडेय को महामंत्री बनाया गया।