काशी दीप विजन विजय कुमार की रिपोर्ट. नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की.से गूंजा थाना परिसर
वाराणसी। जैतपुरा थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर को फूल-मालाओं, चमेली व अशोक के पत्तों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने विधि-विधान से गौरी-गणेश पूजन के बाद बाल गोपाल का पूजन-अर्चन किया और सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही पूरा थाना परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। आरती के बाद भगवान को माखन-मिश्री, फल और अन्य भोग अर्पित किए गए। इस दौरान राम नाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जागरण का भी आयोजन हुआ। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने ‘तेरे चरणों में आके मैं धन्य हो गया हूं’ समेत कई कृष्ण भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह और विपिन मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।