:चंदौली अरविंद प्रसाद की रिपोर्ट बलुआ गंगा घाट से कांवड़ियों ने उठाया जल, बाबा का किया जलाभिषेक; मेले में उमड़ी भारी भीड़ धानापुर (चंदौली)। संत बाबा कीनाराम जी का 427वां जन्मोत्सव जनपद चंदौली के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। तीन दिवसीय जन्मोत्सव के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को बाबा के दर्शन–पूजन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे दिन मठ परिसर बाबा कीनाराम के जयकारों से गूंजता रहा।प्रातः जलाभिषेक के साथ हुआ शुभारं भजन्मोत्सव का शुभारंभ चतुर्दशी के शुभ मुहूर्त में प्रातः जलाभिषेक के साथ हुआ। बलुआ गंगा घाट से सैकड़ों कांवड़ियों के संघ ने गंगाजल उठाकर रामगढ़ पहुंचकर बाबा कीनाराम का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला कांवड़िए भी शामिल रहीं। भक्तों ने “बाबा कीनाराम की जय” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा कर पवित्र जल अर्पित किया। इस दृश्य ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें
बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मठ परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। चंदौली के अलावा वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, बिहार और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामगढ़ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।जलाभिषेक के बाद विधि-विधान से बाबा की आरती, हवन और पूजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत प्रस्तुत कर जन्मोत्सव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक छटा बिखेरी। वहीं रामायण गायकों ने साज-सज्जा के साथ मानस पाठ कर वातावरण को पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया।सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से मठ परिसर और मेला क्षेत्र में व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया। आने-जाने वाले मार्गों पर पुलिसकर्मियों ने निगरानी बनाए रखी। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी संभाला।मेले में दिखी रौनक, बच्चों ने उठाया झूले-चरखी का लुत्फ बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के खेल मैदान में विशाल मेले का आयोजन किया गया है। बाबा के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। मेले में ताजी मिठाइयों, गरम-गरम गुड़हिया जलेबी, चाट-पकौड़ी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही।
महिलाओं और बच्चों के लिए श्रृंगार सामग्री तथा खिलौनों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने जमकर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने झूले और चरखी का जमकर आनंद लिया।
अधिकारी और समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद जन्मोत्सव के दौरान सकलडीहा उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा तथा बलुआ थाना प्रभारी सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही। मठ समिति के धनंजय सिंह, लल्ला सिंह, अरविंद सिंह, हेमराज सिंह, संगीता सिंह, रूबी सिंह, सत्या सिंह, कुलदीप वर्मा और आलोक पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता l आस्था, भक्ति और मेले की रौनक का संगम देखने को मिला।