कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिवार सहित अपना श्रद्धा सुमन अर्पित किया। कुलपति प्रो. त्यागी ने मानविकी संकाय स्थित बापू कक्ष एवं पंत प्रशासनिक भवन के बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया। इसके बाद गांधी अध्य्यन पीठ सभागार में प्रार्थना सभा आयोजित हुई। प्रार्थना सभा में कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि बापू के स्वदेशी एवं मानव सेवा के विचार को राष्ट्ररत्न शिव प्रसाद गुप्त एवं भारत रत्न डॉ. भगवान दास ने काशी विद्यापीठ के रूप में साकार किया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रेरणा एवं आदर्शों पर स्थापित यह विश्वविद्यालय आज भी उनके दिखाए राह पर चल रहा है, जिसका उदाहरण सेवा प्रकल्प के तहत विश्वविद्यालय द्वारा 100 से ज्यादा कुष्ठ रोगियों को गोद लेना है, ऐसा करने वाला काशी विद्यापीठ पहला विश्वविद्यालय है।
कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि काशी विद्यापीठ की धरती हमेशा से वीर सपूतों की जननी रही है, जो राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करते रहे हैं। काशी विद्यापीठ ने हमेशा चन्द्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री जैसे बहादुरों को तैयार किया, जो राष्ट्र एवं समाज निर्माता बने हैं। प्रार्थना सभा में मंच कला के विद्यार्थियों ने ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’, ‘पायो जी मैंने राम रतन धन पायो’, ‘हरि तुम हरो जन की पीर’, ‘कौन ठगवा नगरिया लूटल हो’ एवं ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजनों को प्रस्तुत किया। संचालन डीन अकादमी प्रो. बंशीधर पाण्डेय एवं धन्यवाद ज्ञापन गांधी अध्ययन पीठ के निदेशक प्रो. वन्दना सिन्हा ने किया।