गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर
मीरजापुर। शुक्रवार को शहर के भरुहना रोड पर स्थित कमला मेमोरियल स्कूल में हस्तकला, शिल्पकला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपने रचनात्मक हुनर का प्रदर्शन करते हुए कला एवं शिल्पकला के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं को उपयोगी और आकर्षक रूपों में प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी में चंद्रयान-3, राम मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, ताजमहल, कुतुब मीनार जैसे ऐतिहासिक और राष्ट्रीय स्मारकों के साथ-साथ 20वीं शताब्दी से अब तक की महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक भी दिखाई गई। छात्रों की इस कला ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया और उनके रचनात्मक दृष्टिकोण की सराहना की गई।
विद्यालय के चेयरमैन लक्ष्मण दास जी तथा मुख्य अतिथि डॉ. विश्राम (अपर आयुक्त, मीरजापुर) ने माँ सरस्वती के श्रीचरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर, पुष्प अर्पित कर और फीता काटकर प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक शशिन यादव और अनीता राज, प्रधानाचार्या अंजु गुप्ता एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें भविष्य में शिक्षा, विज्ञान और कला में आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया।
प्रदर्शनी ने न केवल छात्रों की सृजनात्मक क्षमता को प्रदर्शित किया, बल्कि शिक्षा और विज्ञान के प्रति उनकी रुचि को भी उजागर किया। यह कार्यक्रम बच्चों में नवाचार और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने वाला साबित हुआ।