सुकन्या सिंह की रिपोर्ट वाराणसी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाए आज से शुरू हो गईं। 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलने वाली इन परीक्षाओं के लिए वाराणसी में कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में इंटर और हाईस्कूल में इस बार कुल 92,277 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हैं। पहले दिन सामान्य हिंदी का पेपर दोनों पालियों में होगा। पहली पाली में हाईस्कूल और दूसरी पाली में इंटर के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे
परीक्षा में नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए पैनी नजर रखी जा रह है। सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी सर्विलांस पर रखा गया है। क्वींस कॉलेज में बने कमांड सेंटर से इन सभी पर निगरानी की जाएगी। परीक्षा के पहले दिन गोपी राधा गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंची परीक्षार्थियों पर कॉलेज की प्राचार्या और शिक्षिकाओं ने पुष्प वर्षा की और उन्हें मिठाई खिलाई।
आज से कड़ी सुरक्षा में होगी परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं, जिन्हें लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 403 कॉलेजों के लिए कुल 117 सेंटर बनाए गए हैं। इस वर्ष हाईस्कूल में 46,300 जबकि इंटरमीडिएट में 45,977 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड की ओर से पहले दिन हिंदी की परीक्षा कराई जाएगी।