गुफरान अहमद की रिपोर्ट
आजमगढ़। पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन ने बुधवार को आजमगढ़ जनपद का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में भव्य परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने जवानों के अनुशासन, शस्त्र संचालन, प्रशिक्षण गुणवत्ता और कमांड प्रणाली की समीक्षा की।इस दौरान नव-निर्मित ‘शौर्य सभागार’ का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें 700 से अधिक लोगों की बैठने की क्षमता तथा आधुनिक ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध है। इसे विभागीय बैठकों व प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
एडीजी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, डायल-112 कार्यालय, एमटी शाखा व कम्प्यूटर लैब का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, महिला एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर बल दिया। नगर कोतवाली निरीक्षण के दौरान मालखाने व अभिलेखों की समीक्षा भी की गई।