रिपोर्ट गुफरान अहमद मिर्जापुर में गुरुवार तड़के विंध्याचल थाना क्षेत्र के कलना गहरवार गांव में सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट से लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया, जिससे चारपाई पर सो रहे पिता और पुत्र उसकी चपेट में आ गए। घटना गुरुवार सुबह करीब तीन बजे थाना विंध्याचल के गैपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित कलना गहरवार गांव की है। प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट कंटेनर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया और पलट गया। हादसे के समय घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 45 वर्षीय शिव प्रसाद गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में शिव प्रसाद के 13 वर्षीय पुत्र रोहित भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।