वाराणसी काशी दीप विजन)। शहर के व्यस्ततम मदनपुरा क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ज्वेलर्स के ठीक सामने लगे भूमिगत बिजली के जंक्शन बॉक्स में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और दुकान तक पहुंच गईं। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने देखा और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि जमीन के नीचे से आग की लपटें निकल रही हैं और धुआं उठ रहा है। पीड़ित दुकानदार सरदार हरप्रीत सिंह ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार इसी जंक्शन बॉक्स में आग लग चुकी है। दुकानदारों का कहना है कि भूमिगत केबलिंग जर्जर हो चुकी है और विभाग सिर्फ खानापूर्ति कर चला जाता है। अगर जल्द ही इसे ठीक नहीं किया गया तो किसी दिन जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और नगर निगम से मांग की है कि पूरे मदनपुरा बाजार के भूमिगत जंक्शन बॉक्सों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए।